मुंबई, 11 जुलाई।
महाराष्ट्र में इन दिनों हिंदी बनाम मराठी भाषा को लेकर बहस तेज होती जा रही है। इस मुद्दे पर आम लोगों से लेकर फिल्मी सितारे भी अपनी राय देने से पीछे नहीं हट रहे। इसी कड़ी में फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेता अजय देवगन का अंदाज चर्चा में आ गया।
"मैं इंतजार कर रहा था इस सवाल का"
कार्यक्रम के दौरान एक महिला पत्रकार ने जब अजय देवगन से महाराष्ट्र में बढ़ते भाषा विवाद पर सवाल पूछा तो अजय ने मुस्कुराते हुए कहा, "आप थोड़ी लेट हैं। मैं इंतजार ही कर रहा था कि मुझसे ये सवाल कौन पूछेगा।" इसके बाद उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘सिंघम’ का डायलॉग दोहराते हुए कहा – "आता माझी सटकली!" उनकी यह प्रतिक्रिया सुनकर पूरे हॉल में ठहाके गूंज उठे।
सेलेब्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया
इस मुद्दे पर फिल्म जगत की अन्य हस्तियों की राय भी सामने आई है। हाल ही में फिल्म ‘केडी द डेविल’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर जब शिल्पा शेट्टी और संजय दत्त से यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि शिल्पा ने खुद को "महाराष्ट्र की मुलगी" बताते हुए कहा – "माला मराठी येते।"
वहीं प्रसिद्ध गायक उदित नारायण ने कहा, "मैं महाराष्ट्र में रहता हूं और इसे अपनी कर्मभूमि मानता हूं। यहां की भाषा का सम्मान जरूरी है। लेकिन देश की सभी भाषाएं समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।"
"हर भाषा का है महत्व" – अनूप जलोटा
गायक अनूप जलोटा ने संतुलित रवैया अपनाते हुए कहा, "हमारे देश में हर भाषा की अपनी सुंदरता है। मराठी भी हमें बहुत पसंद है और मैं उसमें गा भी चुका हूं। हिंदी हमारी मातृभाषा है और हमें उसका सम्मान करना चाहिए। लेकिन अगर हम अन्य भाषाएं सीखते हैं, तो यह हमारे लिए और भी फायदेमंद है।"
महाराष्ट्र सरकार की तीन भाषा नीति भी बनी विवाद की वजह
गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने कक्षा 1 से 5वीं तक हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में अनिवार्य कर दिया था। यह नियम राज्य के सभी मराठी और इंग्लिश मीडियम स्कूलों पर लागू किया गया। हालांकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत लाई गई इस तीन-भाषा नीति पर विवाद बढ़ने के बाद सरकार को अपडेटेड गाइडलाइंस जारी करनी पड़ीं।